जौनपुर : साध्वी ने एसपी से लगाई जान माल के सुरक्षा की गुहार
खेतासराय। अज़ीम सिद्दीकी तहलका 24×7 क्षेत्र अंतर्गत मनेछा गांव स्थित कबीर मंदिर की साध्वी और साधू को दबंगों द्वारा भूमि पर कब्जा करने की नीयत से प्रताड़ित करने का आरोप है। साध्वी ने अपनी जानमाल की रक्षा के लिए एसपी को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है।
बताया जाता है कि कबीर मंदिर की डेढ़ बीघा से अधिक भूमि है। मंदिर की देखभाल साध्वी मालती और साधू रामकुमार करते हैं। भूमि का विवाद शाहगंज नायब तहसीलदार के न्यायालय में चल रहा है। गांव के कुछ दबंगों द्वारा साधू और साध्वी को मंदिर से हटाने की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि कुछ दिन पहले दबंग उनकी कुटिया में पहुंच कर उनका सारा सामान उठा ले गए। मोबाइल पर जान से मारने की धमकी भी मिलती रहती है। स्थानीय थाने में शिकायत करने के बाद भी धमकियां मिलती रहती हैं। थाने से न्याय न मिलने पर एसपी से जानमाल की रक्षा की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश राय के अनुसार मामला भूमि विवाद का है। दूसरे पक्ष के साथ साध्वी को थाने बुलाया गया था। लेकिन साध्वी नहीं आई।