खेतासराय। अज़ीम सिद्दीकी तहलका 24×7 यातायात निदेशालय के आदेश पर बुधवार को सीओ ने थानाध्यक्ष के साथ वाहन चेकिंग का विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान दर्जनों वाहनों की जांच की। जांच के दौरान तीन सवारी और कागज के आधा दर्जन दोपहिया वाहनों का चालान काटा।
दोपहर बाद सीओ अंकित कुमार पुलिस बूथ पर पहुंचे। यहां थानाध्यक्ष युजवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पहले से मौजूद थे। चौराहा से दीदारगंज रोड पर पैदल गश्त करते पड़ाव के निकट पहुंचे। इस दौरान तीन लोगों के साथ बाइक वाले और चार पहिया वालों को रोककर चेकिंग शुरू कर दी गई। संदिग्ध लोगों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रही। पुलिस की चेकिंग से दोपहिया चालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग की जानकारी होने पर अधिकांश बाइक वाले स्टेशन गली से मुड़कर भाग लिए। इस दौरान सड़क से गुजर रहे कांवड़ियों को सीओ और थानाध्यक्ष ने दुर्घटना से बचने के लिए सड़क की पटरियों से होकर चलने का दिशा निर्देश दिया। कांवड़ियों से उनकी असुविधा के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें हर सुविधा मुहैया कराने का भरोसा दिया।