जौनपुर : “स्कूल चलों अभियान” के तहत निकाली गई जागरूकता रैली
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
“स्कूल चलों अभियान” 2022 का शुभारम्भ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती जनपद से किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि शिक्षा जीवन में परिवर्तन का आधार है। उन्होने अभिभावक, शिक्षक, जनप्रतिनिधियों से अपील किया कि घर-घर जाकर स्कूल जाने लायक छात्र-छात्राओं का नजदीक के प्राइमरी स्कूल में नामांकन कराये। उन्होने जनप्रतिनिधियों से अपील किया कि कायाकल्प अभियान के अन्तर्गत एक स्कूल को गोद लें तथा उसमें सोलर पैनल, लाइव्रेरी सहित सभी आधार भूत सुविधाओं की व्यवस्था कराये।
उन्होने कहा कि कोरोना अवधि के दो वर्ष के बाद पुनः स्कूल चलों अभियान संचालित किया जा रहा है। कोरोना से प्राथमिक शिक्षा ही सर्वाधिक प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि बच्चों के ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर आदि के लिए धनराशि अभिभावक के खाते में भेजी जा रही है। अभिभावको को प्रेरित करके छात्र-छात्राओं को ड्रेस तैयार कराना सुनिश्चित करें। जनपद में स्कूल चलो अभियान रैली जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद से निकाली गयी जिसे स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया।
रैली अल्फंस्टीनगंज, अटाला मस्जिद, शाही किला, चहारसू चौराहा व कोतवाली चौराहा होते हुए डायट परिसर में भव्य कार्यक्रम के रुप में परिवर्तित हुई। रैली के आगे-आगे आकर्षण रथ चल रहा था जिस पर बच्चे सवार थे और स्कूल चलो स्कूल चलो प्रेरणादायी गीत बजते चल रहे। रैली में परिषदीय विद्यालय के बच्चे, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाएं, शिक्षक व शिक्षिकाए चल रही थी तथा हाथों में स्कूल चलो जागरूकता तख्ती के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया।मुख्यमंत्री जी का भाषण एवं स्कूल चलो अभियान के कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह का सजीव प्रसारण, डायट परिसर एवं प्रत्येक विद्यालयों में कराया गया। उसके उपरान्त डायट परिसर में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चन्द्र यादव व अपर जिला अधिकारी भू-राजस्व रजनीश राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।





















