टीएमसी के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी का निधन, पार्टी कार्यालय में मिला शव
# रामपुरहाट से पांच बार विधायक रहे, पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर थे
कोलकाता।. तहलका 24×7 पश्चिम बंगाल की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है।तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का निधन हो गया।उनका शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार,शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।घटनास्थल से कथित तौर पर एक हस्तलिखित पत्र भी बरामद हुआ है।हालांकि पत्र की प्रामाणिकता और उसमें लिखी बातों की जांच की जा रही है।मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे।वह टीएमसी के वरिष्ठ और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं में गिने जाते थे।

वह पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री भी रह चुके थे और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी।हालिया 2026 विधानसभा चुनाव में उन्हें रामपुरहाट सीट पर भाजपा के प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा था।इसके बाद जून 2026 में उन्होंने बीरभूम जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद समेत कुछ संगठनात्मक जिम्मेदारियों से इस्तीफा देकर खुद को पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता तक सीमित रखने की बात कही थी।

आशीष बनर्जी के निधन की खबर से टीएमसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।पार्टी नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है।पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
















