ट्रंप ने नेतन्याहू को लगाई फटकार, बोले-‘अगर मैं न होता तो तुम जेल में होते’
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई फोन वार्ता सुर्खियों में है।मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ट्रंप ने नेतन्याहू को कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए हिज्बुल्लाह के खिलाफ जारी हमलों को तत्काल रोकने की सलाह दी।अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक हाल ही में इजरायल द्वारा दक्षिणी बेरुत में किए गए हवाई हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

इन हमलों के बाद ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही वार्ताओं से पीछे हटने की चेतावनी भी दी थी।रिपोर्ट के अनुसार फोन पर बातचीत में ट्रंप नेतन्याहू के रवैये से काफी नाराज दिखाई दिए।एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया गया कि ट्रंप ने कहा,“तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो।अगर मैं न होता तो आज तुम जेल में होते।

मैं तुम्हें बचा रहा हूं,लेकिन तुम्हारी कार्रवाइयों की वजह से पूरी दुनिया में इजरायल की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।”बताया जा रहा है कि ट्रंप ने नेतन्याहू पर हिज्बुल्लाह के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया।हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति की नाराजगी का इजरायल की नीति पर तत्काल कोई असर दिखाई नहीं दिया।

# अपने रुख पर कायम रहे नेतन्याहू
फोन वार्ता के बाद नेतन्याहू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर एक पोस्ट जारी कर इजरायल के रुख को दोहराया।उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को स्पष्ट कर दिया है कि यदि हिज्बुल्लाह इजरायली शहरों और नागरिकों पर हमले बंद नहीं करता है तो इजरायल बेरुत स्थित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाता रहेगा।

नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान में अपनी कार्रवाई जारी रखेगी और देश की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।मध्य पूर्व में जारी इस तनाव के बीच ट्रंप और नेतन्याहू के बीच हुई यह तीखी बातचीत अंतरराष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है।विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच रणनीतिक मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं।


















