तहसील जा रहे बाइक सवार दो रिटायर्ड कर्मचारियों की सड़क हादसे में मौत
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा-मिराशाह स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मौत हो गई।हादसा सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र के भोपापुर निवासी मंडी समिति से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर आनंद पांडेय (63) तथा सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र श्रीवास्तव (76) होंडा साइन बाइक से तहसील जा रहे थे।

जैसे ही वे पिंडरा बाजार पार कर मिराशाह स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे,सामने से भूसा लादकर आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,पिकअप वाहन गलत दिशा में दाहिनी ओर आ गया,हादसे में बाइक चला रहे आनंद पांडेय पिकअप के पहिए के नीचे आ गए,जबकि पीछे बैठे सुरेंद्र श्रीवास्तव सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर पिकअप को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी।प्रारंभ में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी,बाद में जेब से मिले आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त हुई।घटना की खबर लगते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।


















