तेज रफ्तार ट्रक ने विद्युत पोल तोड़ गैरेज में खड़ी तीन गाड़ियों को रौंदा
# गोरखपुर से गिट्टी उतारकर मिर्जापुर लौट रहा था ट्रक, पुलिस ने कब्जे में लिया
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
खेतासराय-जौनपुर मुख्य मार्ग पर हबीब हॉस्पिटल के सामने मंगलवार की भोर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकराने के बाद पास स्थित एक गैरेज में घुस गया। हादसे में मरम्मत के लिए खड़ी तीन चारपहिया गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।ट्रक चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करता रहा,लेकिन अगला पहिया क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ ही दूरी पर ट्रक रुक गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,भोर में तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।सूचना पर गैरेज संचालक उमाशंकर प्रजापति तथा क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिक भी वहां पहुंच गए।सड़क पर बने टायरों के निशान के आधार पर लोगों ने ट्रक को कुछ दूरी पर ही रोक लिया।हादसे में तीनों वाहनों के आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।वाहन स्वामियों को हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं विद्युत पोल टूटने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही।

ट्रक चालक हरिश्चंद्र पुत्र राजेंद्र प्रसाद वर्मा निवासी ग्राम तुलिस,लालगंज मिर्जापुर ने बताया कि उसे नींद आने लगी थी,इसलिए शाहगंज से खलासी नवीन ट्रक चला रहा था।इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरुकर दी।राहत की बात रही कि हादसा सुबह के समय हुआ,जब सड़क पर आवाजाही कम थी।यदि यह दुर्घटना व्यस्त समय में होती तो बड़ा जनहानि का हादसा हो सकता था।


















