थाने में वारंटी महिला से मारपीट के आरोप पर कोर्ट सख्त,चार पुलिसकर्मियों पर एफआईआर के आदेश
आगरा।
तहलका 24×7
सिकंदरा थाने में पुलिस हिरासत के दौरान एक वारंटी महिला के साथ मारपीट के मामले में अदालत ने कड़ा रुख अपनाया।न्यायालय ने इसे मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला मानते हुए तीन दरोगा और एक महिला मुख्य आरक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।मामले के अनुसार, वारंटी महिला सीमा सिकरवार ने आरोप लगाया था कि पुलिस हिरासत के दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

न्यायालय के निर्देश पर कराए गए दोबारा पैनल मेडिकल परीक्षण और एक्स-रे रिपोर्ट में महिला की पसली और कंधे में फ्रैक्चर समेत अन्य चोटों की पुष्टि होने की बात सामने आई है।कोर्ट ने दरोगा सुरजीत सिंह,चौकी प्रभारी नीलेश शर्मा,महिला दरोगा नेहा तथा महिला मुख्य आरक्षी सीमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।वहीं पुलिस विभाग ने आरोपों से इनकार किया है।

पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और संबंधित थाना पुलिस का कहना है कि महिला ने स्वयं को चोट पहुंचाई थी। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्च अदालत में रिवीजन याचिका दायर की जाएगी।मामले को लेकर पुलिस महकमे और आमजन के बीच चर्चा तेज हो गई है।अब सभी की निगाहें एफआईआर दर्ज होने और आगे की जांच पर टिकी हैं।

















