दहेज के लिए पत्नी की हत्या का आरोप,चार माह पहले हुई थी शादी,पति गिरफ्तार
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राजधानी के इंदिरानगर क्षेत्र में विवाह के महज चार माह बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।मृतका के परिजनों ने पति और उसके परिवार पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है।पुलिस के अनुसार,बिहार के बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक ओझा ने इंदिरानगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन को उसका पति कमलकांत मिश्रा और उसके परिजन चार पहिया वाहन की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे।

मांग पूरी न होने पर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदिरानगर पुलिस ने खुर्रमनगर स्थित पिकनिक स्पॉट गेट के पास से आरोपी कमलकांत मिश्रा (28) को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी मूल रुप से बिहार के भोजपुर जिले का निवासी है और लखनऊ के इंदिरानगर स्थित मानस इन्क्लेव में किराये के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था।पुलिस के मुताबिक, दोनों की शादी करीब चार माह पहले हुई थी।विवाह के बाद दोनों लखनऊ में रह रहे थे।

महिला की मौत के बाद उसके मायके पक्ष की शिकायत पर पति और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह पत्नी के साथ कश्मीर घूमने जाने वाला था।प्लेन की टिकट नहीं मिलने और ट्रेन से यात्रा को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी ने कथित रुप से आत्महत्या कर ली। हालांकि,एसीपी गाजीपुर अमित कुमार पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु से पूर्व चोट के निशान मिले हैं।परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

















