दिल्ली, पंजाब और कश्मीर को दहलाने की साजिश नाकाम
# आईएसआई और खालिस्तानी आतंकियों का हाथ होने की आशंका
नई दिल्ली।
स्पेशल डेस्क
तहलका 24×7
गणतंत्र दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, सीमावर्ती राज्य पंजाब और जम्मू कश्मीर को दहलाने की आतंकी साजिश नाकाम कर दी गई है। दिल्ली के गाजीपुर फूलमंडी में एक लावारिस बैग में आइईडी मिला, जिसे निष्क्रिय कर दिया गया। पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के अमृतसर में पांच किलो आरडीएक्स बरामद हुआ है।

आशंका जताई जा रही है कि आईएसआई और खालिस्तानी आतंकियों ने चुनाव के दौरान धमाकों के लिए यह विस्फोटक सामग्री भेजी थी।श्रीनगर के ख्वाजा बाजार में आम लोगों को निशाना बनाने के लिए बोरी में छिपाकर रखी गई प्रेशर कुकर आइईडी बरामद हुई जिसे समय रहते इसे भी निष्क्रिय कर दिया गया।

# दिल्ली दहलाने की नाकाम हो गई साजिश
मकर संक्रांति के दिन शुक्रवार सुबह करीब 10:19 बजे पुलिस को गाजीपुर के फूल मंडी के गेट के पास एक लावारिस बैग की सूचना मिली। इसके बाद हड़कंप मच गया। तुरंत मंडी को खाली कराया गया। पुलिसकर्मियों ने बैग खोला तो उसमें आइईडी होने की आशंका हुई। एनएसजी की देख-रेख में रोबोट के जरिये इसे उठाकर एक मशीन में डाला गया और पार्किंग के पास गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया।

# पंजाब को दहलाने की साजिश नाकाम
पंजाब में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने विधानसभा चुनाव के दौरान धमाके करने की पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ और पाक में बैठे आतंकियों की बड़ी साजिश को बेनकाब कर दिया है। आइजी मोहनीश चावला ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली थी कि भारत-पाक सीमा से लगभग दो किलोमीटर पहले अटारी से बच्चीविंड रोड स्थित डेरा बाबा गुलाब शाह के पास खेत में नशे और बारूद की खेप छिपाकर रखी है।

सर्च अभियान में वहां एक प्लास्टिक के बड़े लिफाफे से इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिफ डिवाइस (आइईडी) की खेप बरामद हुई। इसमें दो किलो सात सौ ग्राम आरडीएक्स, एक किलो 360 ग्राम लोहे की छोटी बाल्स (छर्रे), लोहे के तीन कंटेनर, तीन इलेक्टि्रक डेटोनेटर, एक डीजिटिल टाइमर और एक लाख की भारतीय करंसी बरामद हुई है। आइजी ने बताया कि धमाके के लिए आतंकियों ने डिवाइस तैयार कर रखी थी। बस उसे जोड़ते ही एक घंटा दो मिनट के भीतर धमाका हो जाना था।



















