दिवाली पर डबल गिफ्ट, कम होगी महंगाई, घटेंगी जीएसटी दरें
# पीएम मोदी का लाल किले से ऐलान, रोजमर्रा का सामान होगा सस्ता, एमएसएमई को मिलेगा बड़ा सहारा
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस बार दिवाली पर “डबल दिवाली गिफ्ट” मिलेगा। महंगाई पर लगाम कसते हुए रोजमर्रा की जरुरतों पर जीएसटी की दरें घटाई जाएंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा पिछले 8 साल में हमने जीएसटी में बड़ा रिफॉर्म किया, टैक्स व्यवस्था को आसान बनाया और कर का बोझ घटाया।

अब समय आ गया है नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म का।इसके लिए एक हाई पावर रिव्यू कमेटी बनाई गई है, जिसमें राज्यों से भी परामर्श लिया गया। नए बदलावों में सामान्य उपभोक्ता की जरुरतों वाले सामान पर टैक्स में बड़ी कटौती होगी, जिससे घर-गृहस्थी का खर्च कम होगा। साथ ही एमएसएमई और लघु उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर निर्माण को लेकर भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि छह नई सेमीकंडक्टर यूनिट्स बनकर तैयार हो चुकी हैं, चार को मंजूरी मिल चुकी है और साल के अंत तक ‘मेड इन इंडिया चिप्स’ बाजार में उपलब्ध होंगी।
















