दुष्कर्म पीड़िता से अभद्र बातचीत के आरोप में इंस्पेक्टर निलंबित
बलिया।
तहलका 24×7
दुष्कर्म पीड़िता से फोन पर अभद्र बातचीत करने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने साइबर सेल में तैनात इंस्पेक्टर नरेश मलिक को निलंबित कर दिया।मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।पुलिस विभाग में इस कार्रवाई के बाद चर्चा का माहौल है।जानकारी के अनुसार,रसड़ा कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने उभांव थाने में तैनात एक वन दारोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और बाद में न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया गया।इसी दौरान पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को एक ऑडियो उपलब्ध कराते हुए आरोप लगाया कि उभांव थाने में इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर तैनात रहे नरेश मलिक ने मामले की विवेचना और चार्जशीट के संबंध में बातचीत के दौरान उससे अभद्र बातें कीं।पीड़िता ने इस संबंध में शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की थी।

बताया जाता है कि नरेश मलिक को एक अप्रैल को उभांव थाने से हटाकर साइबर सेल में तैनात कर दिया गया था।ऑडियो सामने आने के बाद जांच क्षेत्राधिकारी रसड़ा को सौंपी गई।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया।इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और उपलब्ध ऑडियो की जांच कराई गई थी।जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित इंस्पेक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विभागीय जांच जारी है।
















