देवदूत वानर सेना के नाम पर साइबर ठगी का आरोप,संस्थापक ने साइबर सेल में दी शिकायत
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
दान-पुण्य और मानव सेवा के नाम पर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है।देवदूत वानर सेना के नाम पर कथित तौर पर फर्जी बैंक खाता और यूपीआई आईडी बनाकर लोगों से रकम मांगे जाने का आरोप लगा है। मामले को लेकर संस्था के संस्थापक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के उपनिदेशक अजीत प्रताप सिंह ने साइबर सेल की हजरतगंज शाखा में लिखित शिकायत दी है।

शिकायत के अनुसार, रिंकू नाम का एक व्यक्ति अजीत प्रताप सिंह की फोटो लगाकर लोगों को फोन कर रहा है।वह खुद को देवदूत वानर सेना का पदाधिकारी बताकर गरीब,असहाय और जरूरतमंद कन्याओं की शादी के नाम पर चंदा मांग रहा है।आरोप है कि कथित ठग एक बार में 51 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत में एक मोबाइल नंबर,बैंक खाते और यूपीआई आईडी के माध्यम से रकम मंगाए जाने की बात कही गई है।

संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह से संस्था के नाम और पदाधिकारियों की तस्वीर का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।देवदूत वानर सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संस्था फोन पर किसी व्यक्ति से पैसे की मांग नहीं करती है। संस्था जरूरतमंद लोगों की सीधे मदद करती है।

संस्था ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति देवदूत वानर सेना के नाम पर फोन करके रकम मांगता है तो बिना सत्यापन के कोई भुगतान न करें।अजीत प्रताप सिंह ने साइबर सेल से मामले की जांच कर कथित आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है,ताकि संस्था के नाम पर होने वाली ठगी पर रोक लग सके और भविष्य में अन्य लोग साइबर अपराध का शिकार न हों।

















