दो दिन से गायब किशोरी की कुएं में मिली लाश, फैली सनसनी
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
शुक्रवार शाम को घर से गायब हुई एक किशोरी की लाश रविवार सुबह बगल गांव स्थित कुएं में मिली।सूचना मिलते ही परिजनों समेत जहां लोगों के बीच सनसनी फैल गई, वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजते हुए मामले में जांच पड़ताल शुरु कर दी है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान मौके पर पहुंच मामले में जानकारी हासिल की।

बताया जा रहा है कि गांव निवासी किशोरी अंशिका (17) पुत्री सुरेन्द्र गौतम एक इण्टर कालेज में 11वीं की छात्रा थी। विगत 22 अगस्त की शाम वह घर से सड़क की तरफ गई थी जो वापस नही लौटी। सूत्रों की मानें तो मामले में काफी खोजबीन के बाद मृतका के परिजन द्वारा पड़ोस में ही अपने ननिहाल में रह रहे खेतासराय थाना क्षेत्र निवासी एक युवक पर किशोरी को गायब करने का अंदेशा लगाते हुए पुलिस में अगले दिन तहरीर दी।

रविवार सुबह दस बजे के आसपास उसकी लाश कुएं में पायी गई। मामले की जानकारी होते ही परिजनों में जहां कोहराम मच गया, वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजते हुए मामले में जांच पड़ताल शुरु कर दी है।मृतका अपने माता-पिता की तीन संतानों में सबसे बड़ी थी।

पिता रोजी रोटी के सिलसिले में पंजाब रहता है, वह अपनी मां रीना भाई शिव और छोटी बहन सोनिया के साथ घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। फिलहाल मामले को लेकर लोगों के बीच तमाम तरह की चर्चाएं हैं। इस बाबत पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी श्री चौहान ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।








