धारदार हथियार से सपा कार्यकर्ता की हत्या, पिता ने अखिलेश यादव से लगाई गुहार
मिर्जापुर।
तहलका 24×7
कटरा कोतवाली क्षेत्र के हरना की गली में धारदार हथियार से सपा कार्यकर्ता प्रियांशु ओझा की हत्या कर दी गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब वह अपने घर लौट रहा था। चीखपुकार सुनकर लोग घर के बाहर निकले तो हमलावर भाग निकले। सपा कार्यकर्ता के परिजनों ने थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रियांशु ओझा रात करीब 9:30 बजे अपने घर लौट रहे थे। हरना की गली में प्रवेश करने के बाद शिव जी के मंदिर पर बैठे दबंगों ने उसे घेर लिया।कहासुनी के बाद उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले से प्रियांशु लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। हमला इतना तेज किया गया था कि खून के धब्बे आसपास के मकानों पर भी पड़े दिखे। हमले की जानकारी मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। गंभीर रुप से घायल युवक को परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रियांशु के पिता सुरेशचंद्र ओझा ने बताया कि बेटा समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता था। अखिलेश यादव का एक सिपाही चला गया। उन्होंने अखिलेश यादव से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई, जिसमें प्रियांशु ओझा गंभीर रुप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया था। लेकिन, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे है।आगे की कार्रवाई की जा रही है।