नशीली चाय पिलाकर यात्रियों को लूटने वाला दंपती गिरफ्तार
# सीआईबी,जीआरपी,आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
वाराणसी।
तहलका 24×7
बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीली चाय पिलाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक दंपती को सीआईबी वाराणसी,जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।कार्रवाई का नेतृत्व सीआईबी वाराणसी ने किया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामदयाल मिश्रा (29) पुत्र अवधेश मिश्रा तथा उसकी पत्नी ज्योति (24) निवासी भोरकला,थाना मिर्जामुराद,जनपद वाराणसी के रुप में हुई।

बरामदगी में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो कंपनी का एक चोरी का मोबाइल फोन,3,180 रुपये नकद, ATIVAN-1 MG की 18 गोलियां (दो पत्ते), ATIVAN-2 MG की 27 गोलियां (तीन पत्ते) तथा भुजिया नमकीन के दो खुले पैकेट बरामद किए हैं।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि 13 जून 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर एक महिला यात्री को नशीली चाय पिलाकर बेहोश कर दिया था।इसके बाद उसका सोने का चेन और हैंडबैग चोरी कर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन और नकदी उसी वारदात से संबंधित हैं।चोरी किया गया सोने का चेन महराजगंज के एक सराफा व्यापारी को बेच दिया गया था।पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी फिर से इसी तरह की वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचे थे,लेकिन इससे पहले ही संयुक्त टीम ने उन्हें धर दबोचा।पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इससे पहले ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा उनके गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

कार्रवाई में सीआईबी वाराणसी के निरीक्षक राजेश कुमार,उपनिरीक्षक हरिश्चन्द्र यादव,कांस्टेबल शिव प्रसाद सोनी,जीआरपी वाराणसी के निरीक्षक देव चन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल पवन कुमार,महिला कांस्टेबल संगम सिंह, जीआरपी बनारस के उपनिरीक्षक अशोक कुमार ओझा, कांस्टेबल मुन्ना चौहान तथा आरपीएफ पोस्ट बनारस के निरीक्षक राजेश कुमार,कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल हरेन्द्र यादव की प्रमुख भूमिका रही।


















