नशे में बाराती की हरकत से बिगड़ा माहौल, शादी समारोह में जमकर मारपीट

नशे में बाराती की हरकत से बिगड़ा माहौल,शादी समारोह में जमकर मारपीट

खेतासराय, जौनपुर। 
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7
                क्षेत्र के महरौड़ा गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह उस समय तनाव का केंद्र बन गया,जब एक नशे में धुत बाराती की हरकत को लेकर शुरु हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बारात और घरात पक्ष के बीच हुई मारपीट में आधा दर्जन बाराती घायल हो गए,जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने मामले में छह नामजद समेत दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद से आई बारात का गांव में पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ स्वागत किया गया था।द्वारपूजा और जयमाल कार्यक्रम के दौरान बारातियों के भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।इसी बीच शराब के नशे में धुत एक बाराती गांव के एक मकान के सामने रखी चारपाई पर अनुचित अवस्था में जाकर लेट गया।इस पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरु हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर विवाद को तत्काल शांत करा दिया,लेकिन मामला यहीं नहीं थमा।ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में कुछ बारातियों ने गांव के एक युवक के साथ मारपीट कर दी,जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।हालांकि विवाह की रस्में किसी तरह पूरी कराई गईं,लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात भोजन के बाद जब बाराती लौटने की तैयारी कर रहे थे,तभी विवाद दोबारा भड़क उठा।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व हाथापाई से हमला शुरु हो गया।मारपीट में जालंधर बिंद,रोशन बिंद,संदीप बिंद,सिकंदर, लालबहादुर बिंद और शिवपूजन घायल हो गए।सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रुप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरु कर दी।थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घायलों की तहरीर के आधार पर छह नामजद और दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Previous articleरोजगार व श्रमिक अधिकारों की मांग को लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन
Next articleराम मंदिर दान विवाद: एसआईटी जांच तेज, प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपी
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?