नीट परीक्षा को लेकर रोडवेज अलर्ट, 34 अतिरिक्त बसें चलेंगी
# 21 जून को 107 बसों का बेड़ा रहेगा तैयार,प्रमुख शहरों के लिए विशेष सेवाएं संचालित होंगी
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 को देखते हुए जौनपुर रोडवेज डिपो ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की है।21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा,ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डिपो प्रशासन के अनुसार नियमित रुप से संचालित 66 बसों के अलावा 34 अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं।वहीं, आपात स्थिति के लिए सात स्पेयर बसें भी रिजर्व रखी गई हैं।इस प्रकार कुल 107 बसों का बेड़ा परीक्षा दिवस पर उपलब्ध रहेगा।विशेष बस सेवाएं प्रयागराज, आजमगढ़,गोरखपुर,सुल्तानपुर,लखनऊ,कानपुर, वाराणसी,शाहगंज,अकबरपुर,अयोध्या,रुपईडीहा, मिर्जापुर,शक्तिनगर,केराकत,चंदवक,रामनगर,बदलापुर, रानीपुर और मऊ सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर संचालित की जाएंगी।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जरुरत पड़ने पर अन्य डिपो से भी बसें मंगाई जाएंगी।परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए बसों के अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं,जिससे सभी अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जा सके।डिपो प्रशासन ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से समय से बस स्टेशन पहुंचने तथा यात्रा संबंधी जानकारी के लिए रोडवेज अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने की अपील की है।विभाग का कहना है कि परीक्षा दिवस पर सुरक्षित और सुचारु परिवहन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


















