पीड़ित परिवार की मदद को आगे आया उद्योग व्यापार मंडल, नवजात के इलाज का उठाया जिम्मा
# गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल,व्यापारियों ने जरुरतमंद परिवार का थामा हाथ
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
उद्योग व्यापार मंडल ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए एक जरुरतमंद परिवार की आर्थिक एवं मानवीय सहायता कर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।नगर अध्यक्ष अर्पित जायसवाल के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और नवजात शिशु के इलाज में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जानकारी के अनुसार,किछौछा दरगाह निवासी नाजिया परवीन अपने नवजात शिशु के उपचार के लिए चाइल्ड केयर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती थीं।आर्थिक तंगी से जूझ रही नाजिया सहायता की उम्मीद लेकर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अर्पित जायसवाल के प्रतिष्ठान पहुंचीं।मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्पित जायसवाल देर रात अस्पताल पहुंचे और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.महफूज से नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

चिकित्सक से शिशु की स्थिति की जानकारी लेने के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार को इलाज के लिए हरसंभव आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने परिवार का हौसला बढ़ाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। यह पहल सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की एक सुंदर मिसाल बनकर सामने आई।

नगर अध्यक्ष अर्पित जायसवाल ने कहा कि उद्योग व्यापार मंडल का उद्देश्य केवल व्यापारियों के हितों की रक्षा करना नहीं,बल्कि समाज के जरुरतमंद लोगों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहना भी है।उन्होंने सभी व्यापारियों से ऐसे मानवीय कार्यों में बढ़चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष रविकांत जायसवाल,वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येंद्र मोदनवाल,इरशाद अहमद,अश्वनी अग्रहरि सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।


















