पुलिस की मुस्तैदी से बचीं तीन जिंदगियां,गोमती नदी में बच्चों संग कूदने जा रही महिला को सकुशल बचाया
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों की बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।गोमती नदी में अपने दो मासूम बच्चों के साथ जान देने जा रही महिला और दोनों बच्चों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन अनमोल जिंदगियां बच गईं।

जानकारी के अनुसार,आजमगढ़ जनपद की रहने वाली गुंजन का विवाह लगभग दस वर्ष पूर्व फूलपुर थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव निवासी अनिल कुमार यादव से हुआ था।बताया गया कि पति के रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब चले जाने के बाद महिला ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान थी।शनिवार को महिला अपने सात वर्षीय पुत्र आयुष और तीन वर्षीय पुत्र अरविंद को लेकर सिपाह स्थित गोमती नदी के किनारे निर्माणाधीन पुल पर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने पहले दोनों बच्चों को नदी में फेंक दिया और फिर स्वयं भी छलांग लगाने का प्रयास किया।इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की नजर महिला पर पड़ गई।उन्होंने तत्काल शोर मचाकर स्थानीय लोगों को बुलाया। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।पुलिसकर्मियों ने महिला को छलांग लगाने से पहले ही पकड़ लिया।घटना के बाद पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए महिला और दोनों बच्चों को भोजन एवं पानी उपलब्ध कराया।इसके बाद मायके पक्ष को सूचना देकर तीनों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।


















