पुलिस के डॉग स्क्वायड में शामिल हुई’जोरा’,अपराधियों तक पहुंचने में करेगी मदद
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जनपद पुलिस की अपराध जांच क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में प्रशिक्षित जर्मन शेफर्ड ट्रैकर डॉग ‘जोरा’ को डॉग स्क्वायड में शामिल किया गया है।

बीएसएफ अकादमी, टेकनपुर (ग्वालियर, मध्य प्रदेश) से विशेष ट्रैकिंग प्रशिक्षण प्राप्त’जोरा’घटनास्थल से मानव गंध और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों का पता लगाने,लापता व्यक्तियों की खोज करने तथा हत्या,चोरी,लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’जोरा’के ट्रेनर एवं हैंडलर आरक्षी कुशराम तथा सहायक हैंडलर मुख्य आरक्षी मनोज कुमार यादव को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दोनों प्रशिक्षित हैंडलर डॉग के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न घटनाओं की जांच में सहयोग करेंगे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉग स्क्वायड में ‘जोरा’के शामिल होने से वैज्ञानिक तरीके से अपराधों के त्वरित अनावरण में मदद मिलेगी।साथ ही इससे पुलिस की जांच क्षमता और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।यह पहल आधुनिक तकनीक और संसाधनों से जौनपुर पुलिस को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

















