पूर्व प्रधान के बेटे का हरियाणा की झाड़ी में शव मिलने से परिवार में मचा कोहराम
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
सारी जहांगीर पट्टी ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान गीता वर्मा पत्नी स्व. राजपति वर्मा के बेटे का शव हरियाणा के रेवाड़ी जिले के एक गांव की झाड़ी में दो दिन पूर्व रक्त रंजित अवस्था में पाया गया। जिसकी सूचना हरियाणा पुलिस द्वारा गुरुवार को मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गुड़गांव में रहने वाले भाई और अन्य परिजन रेवाड़ी के लिए रवाना हो गए।

मृतक राकेश वर्मा (36) अपने चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। वह रोजी रोटी के सिलसिले में हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल औद्योगिक क्षेत्र में एक्साइड कंपनी में काम करता था। जबकि बड़ा भाई सुरेश गांव में ही पान की दुकान चलाने के साथ घर पर रहता है। भाई राजेश व महेश गुड़गांव में रहते हैं। बताया जा रहा है कि तीन माह पूर्व गया राकेश वहीं सुठानी गांव में किराए के मकान में रहता था।

जिसका शव बुधवार दोपहर माडल टाउन थाना क्षेत्र के करनावास गांव के पास झाड़ियों में रक्त रंजित अवस्था में पाया गया। सूचना पर पहुंची हरियाणा पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए मामले की छानबीन के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजते हुए गुरुवार अपराह्न मामले में सूचना परिजनों को दी।

मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा, लेकिन मृतक के चेहरे पर चोट के निशान बताए जाते हैं। मौत हो जाने की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मृतक के भाई और अन्य परिजन रेवाड़ी के लिए रवाना हो गए। मृतक की पत्नी रुची पति के मौत की खबर पाते ही जहां बेसुध हो गई, मां गीता देवी समेत परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।








