पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिया आशीर्वाद
पटना।
तहलका 24×7
बिहार की राजनीति में आज भावनात्मक व सकारात्मक तस्वीर देखने को मिली,जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार संभालने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।यह मुलाकात केवल औपचारिकता भर नहीं रही,बल्कि राज्य की राजनीतिक संस्कृति में सम्मान,संस्कार और आपसी रिश्तों की गहराई को दर्शाने वाला एक अहम क्षण बन गई।

जहां एक ओर राजनीति में अक्सर मतभेद और टकराव देखने को मिलते हैं,वहीं इस दृश्य ने यह संदेश दिया कि विचारधाराएं अलग हो सकती हैं,लेकिन आपसी सम्मान और संबंधों की परंपरा कायम रहनी चाहिए।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है।एक समय वे राष्ट्रीय जनता दल से जुड़े रहे और उस दौरान उन्हें लालू प्रसाद यादव का स्नेह और मार्गदर्शन मिला।

लालू अपने कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह मानने के लिए जाने जाते हैं,और सम्राट चौधरी भी कभी उसी राजनीतिक परिवार का हिस्सा रहे हैं।आज की यह मुलाकात राजनीति में शालीनता और परिपक्वता का प्रतीक बनकर उभरी है,जो आने वाले समय में भी सकारात्मक संवाद और स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूती देने का संकेत देती है।

















