प्रयागराज : लुटेरे सिपाहियों को एसपी ने किया निलंबित, बर्खास्तगी की लटकी तलवार
प्रयागराज। आर एस वर्मा तहलका 24×7 प्रयागराज जनपद के शाहगंज में लूट के आभूषण के साथ पकड़े गए तीनों सिपाहियों को पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने निंलबित कर दिया। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ बर्खास्तगी की भी कार्रवाई हो सकती है।
प्रयागराज की शाहगंज पुलिस ने रविवार को जिले में तैनात तीन सिपाहियों को आभूूषण कारोबारी से लूट के आरोप में गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब चार किलो चांदी बरामद हुई। कंधई थाने में तैनात सिपाही राहुल सिंह मथुरा जिले के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के आनंदपुरी का रहने वाला है। सिविल लाइंस पुलिस चौकी में तैनात आरक्षी राकेश सिंह अलीगढ़ जिले के गोंडा थाना के निठवारी गांव का रहने वाला है। जबकि पुलिस लाइन में तैनात सिपाही धर्म धुरंधर गुप्ता चंदौली के दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के छितमपुर गांव का रहने वाला है।
मामले की जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक ने देर शाम तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। सिपाहियों की प्रारंभिक जांच के साथ ही बर्खास्तगी की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। राहुल और राकेश 2019 बैच के सिपाही हैं। जबकि धर्मधुरंधर 2011 बैच का आरक्षी है। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि लूट के आरोप में पकड़े गए तीनों सिपाहियों को निलंबित करते हुए विभागीय जांच कराई जा रही है। उनके गृह जनपद में भी आपराधिक इतिहास की छानबीन होगी।