फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जलालपुर पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनका उपयोग फर्जी दस्तावेज बनाने में किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों पर आईटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 25 नवंबर को असबरनपुर निवासी रतन कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विजय यादव नामक व्यक्ति जो आधार कार्ड बनाने का काम करता है। उसने उसकी बेटी अंजली चौधरी का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बना दिया। तहरीर के आधार पर जलालपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान उप निरीक्षक बलवन्त प्रसाद ने जांच आगे बढ़ाई और मामले में शहबाज हसन एवं अंकित यादव के नाम भी उजागर हुए। पुलिस टीम ने काकोरी नहर पुलिया व हाईवे से तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन फर्जी दस्तावेज तैयार करना कबूल किया।








