फोन पर बात करने से मना करने पर किशोरी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने पड़ोसी गांव के एक युवक पर छेड़छाड़,अश्लील हरकत और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़िता अपने माता पिता के साथ थाने पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।किशोरी का आरोप है कि युवक रास्ते में रोककर जबरन छेड़छाड़ करता है।विरोध करने पर वह गोली मारने की धमकी देता है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि युवक लगातार फोन कर उससे बात करने का दबाव बनाता है। बात न करने पर अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता है।
पीड़िता के माता-पिता का कहना है कि आरोपित दबंग और मनबढ़ प्रवृत्ति का है, जिससे परिवार भयभीत है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


















