बड़गांव में निकला 11वीं मोहर्रम का जुलूस,इमाम हुसैन की याद में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के बड़गांव में शनिवार को 11 मोहर्रम का पारंपरिक जुलूस श्रद्धा और अकीदत के साथ निकाला गया।इमाम हुसैन की याद में आयोजित इस ऐतिहासिक जुलूस में हजारों अकीदतमंद शामिल हुए और नौहाख्वानी व मातम कर कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।सुबह करीब 10 बजे जुलूस का शुभारंभ गांव स्थित सैयद सिब्तैन के अज़ाखाने से हुआ।

जुलूस का संचालन असगर मेहंदी गुड्डू ने किया।इसमें स्थानीय अंजुमन नासरुल अज़ा,अंजुमन गुंच-ए नासिरुल अज़ा,अंजुमन तमन्ना-ए ज़हरा,अंजुमन करवाने आज़ा सहित क्षेत्र की कई अंजुमनों ने भाग लिया।अज़ादारिया हुसैनाबाद,शाहगंज की अंजुमन करवाने हैदरी नई आबादी,अंजुमन गुलशन-ए अब्बास भादी,अंजुमन हैदरी नई आबादी तथा अंजुमन लश्करे हुसैनी बहाउद्दीनपुर ने नौहाख्वानी और सीना ज़नी कर इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश किया।

जुलूस की अध्यक्षता सदरे हुसैनी मिशन सैयद जीशान हैदर ने की,जबकि नेतृत्व फैजान अली ने संभाला।
जुलूस अपने पारंपरिक मार्ग से होकर बाज़ार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए रौज़ा-ए पंजे शरीफ पहुंचकर संपन्न हुआ।समापन अवसर पर हुसैनी मिशन के जनरल सेक्रेटरी सैयद परवेज़ मेहदी शहर अरशी ने कर्बला की घटनाओं पर प्रकाश डालते हुए इमाम हुसैन की कुर्बानी का संदेश बताया।

इसके बाद मौलाना सैयद आज़मी अब्बास ने अंतिम तकरीर पेश की,जिसके उपरांत जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र कोतवाली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय सिंह,सुरेश चंद,मुख्य आरक्षी संतोष यादव,आनंद,आरक्षी सिजाउद्दीन शेख, पप्पू गौड़ समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल जुलूस मार्ग पर तैनात रहे।

















