बाईपास से उजड़ा आशियाना,अब हाईटेंशन लाइन बनी नई मुसीबत
खेतासराय,जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
बाईपास परियोजना के कारण अपना वर्षों पुराना आशियाना गंवाने वाले कई परिवार अब नई परेशानी से जूझ रहे हैं।सफीपुर रोड स्थित कनवरिया में जिन भूखंडों पर विस्थापित परिवार नया घर बनाने की तैयारी कर रहे हैं,उनके ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है।ऐसे में परिवारों का कहना है कि वे अपने घर का निर्माण कराने और सुरक्षित जीवन जीने को लेकर असमंजस में हैं।

पीड़ित राम उजागिर ने बताया कि बाईपास निर्माण के चलते उनका पुराना मकान ध्वस्त हो गया।इसके बाद उन्होंने अपने खेत में नया मकान बनाना शुरु किया, लेकिन निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण काम बाधित हो गया।उनका आरोप है कि लाइन हटवाने के लिए बिजली विभाग,जिला प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और आईजीआरएस पोर्टल पर कई बार शिकायत की गई,लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

परिवार का कहना है कि एक ओर बाईपास परियोजना के तहत पुराने मकान खाली करने का दबाव है,वहीं दूसरी ओर नई जगह पर घर बनाना भी जोखिम भरा हो गया है।बरसात के मौसम में खुले आसमान के नीचे रहना मुश्किल है और हाईटेंशन लाइन के कारण मजदूर भी निर्माण कार्य करने से हिचक रहे हैं।स्थानीय लोगों का भी कहना है कि आबादी के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

उनका मानना है कि समय रहते लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाना आवश्यक है।पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर हाईटेंशन लाइन को शीघ्र हटाया या स्थानांतरित कराया जाए,ताकि वे बिना भय के अपने नए घर का निर्माण कर सकें। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई अप्रिय घटना हुई,तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

















