बिजली के खंभों पर प्लास्टिक कवर,विभाग की पहल बनी मिसाल
# बारिश में करंट उतरने की घटनाओं पर लगाम लगाने की कवायद,पूरे नगर क्षेत्र में लागू होगी व्यवस्था
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
बारिश के मौसम में बिजली के खंभों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत विभाग ने जनहित में अनूठी पहल शुरु की है।नगर के सेंट थॉमस रोड स्थित नई आबादी क्षेत्र में लोहे के बिजली के खंभों के निचले हिस्से को प्लास्टिक पाइप से कवर कराया जा रहा है।विभाग की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।बारिश के दिनों में गीले विद्युत खंभों में करंट उतरने की आशंका बनी रहती है।

ऐसे में खंभों के निचले हिस्से को प्लास्टिक से सुरक्षित करने की पहल दुर्घटनाओं की रोकथाम में मददगार साबित हो सकती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष जिला मुख्यालय पर करंट लगने से हुए हादसे के बाद विद्युत सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई थी। ऐसे में विभाग की यह पहल लोगों के लिए राहत देने वाली है।स्थानीय निवासी फैजान अंसारी, डॉ. आलोक सिंह समेत अन्य लोगों ने विद्युत विभाग के इस कदम की सराहना की।

उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था नगर क्षेत्र के सभी विद्युत खंभों पर लागू की जाए तो बारिश के दौरान करंट लगने जैसी अप्रिय घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से इस प्रयोग को व्यापक स्तर पर लागू करने की मांग की।इस संबंध में उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि अधिशासी अभियंता के निर्देश पर यह कार्य शुरु कराया गया है।पूरे नगर क्षेत्र में विद्युत खंभों के निचले हिस्से को प्लास्टिक पाइप से कवर कराया जाएगा।इसके लिए पाइप का आर्डर दे दिया गया है।उन्होंने कहा कि सुरक्षा की यह व्यवस्था भविष्य में होने वाली विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने में मददगार हो सकती है।


















