बीआरपी कालेज में व्यापक स्तर पर चला अनमय बचाओ अभियान
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
अनमय बचाओ अभियान के अंतर्गत आज जनपद के बीआरपी इण्टर कालेज में व्यापक रूप से अभियान चलाया गया। अभियान सुबह 8 बजे से प्रारम्भ होकर दोपहर 1 बजे तक चला। अभियान की अगुवाई करते हुए विकास तिवारी ने सर्वप्रथम महाविद्यालय व इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य सुभाष सिंह के सहयोग से कालेज की प्रत्येक कक्षाओं में जाकर बच्चो से मदद की अपील की।गौरतलब हो सुल्तानपुर जनपद का निवासी 7 माह का अनमय स्पाइनल मस्कुलर अट्रोपी टाइप 1 नामक गम्भीर बीमारी से जूझ रहा है जिसके इलाज के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये की आवश्यकता है तमाम समाजसेवियों व निजी संस्थाओं ने अनमय मदद की एक मुहिम चला रखी है।

इस क्रम में जौनपुर के युवाओं की एक टोली विकास तिवारी के तत्वाधान में हाथों में अनमय बचाओ अभियान लिखा हुआ एक बड़ा बैनर तथा एक डोनेशन बॉक्स लेकर बीआरपी कालेज व डिग्री कालेज में व्यापक स्तर पर मदद का अभियान चलाया। जहां मौजूद छात्रों में अनमय को बचाने के लिये पैसे देने का जबरदस्त जुनून देखने को मिला तथा बच्चे यह कहते हुए सुने गए कि मम्मी और पापा से कहकर अनमय की जान बचाने के लिए हम लोगो को ढेर सारा पैसा अनमय के खाते में भेजना है। महाविद्यालय के छात्र छात्राएं भी भारी संख्या में अब अनमय बचाओ पोस्टर लगे डोनेशन बॉक्स में बारी बारी से अनमय के इलाज के लिए पैसे दिए। अनमय बचाओ अभियान मुहिम का नेतृत्व कर रहे विकास तिवारी ने कहा कि बीआरपी कालेज के प्रधानाचार्य को मैं धन्यवाद देना चाहूंगा जिन्होंने स्वयं दूरभाष पर सम्पर्क करके अनमय बचाओ अभियान से जुड़े सदस्यों को अपने महाविद्यालय के छात्र छात्राओं के बीच उपस्थित होकर अपील करने के लिए आमंत्रित किया। जहां महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने इस अभियान को और अधिक ताकत देने का संकल्प लिया।

















