बोलेरो की चपेट में आने से किशोरी की दर्दनाक मौत, बालिका घायल
# शहर के वाजिदपुर तिराहा के समीप हुआ वीभत्स हादसा
जौनपुर। विश्व प्रकाश श्रीवास्तव तहलका 24×7 लाइन बाजार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर तिराहा पर सुबह साइकिल से टहलने निकली किशोरी की बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि दूसरी बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद उछलकर बोलेरो की छत पर गिरी बालिका को चालक करीब डेढ़ किलोमीटर तक सद्भावना पुल पहुंच मार्ग तक लेकर चला गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाली के ईशापुर मोहल्ला निवासी बसंत लाल साहू की 16 वर्षीय पुत्री ईशा साहू पड़ोसी रवि कुमार साहू की 12 वर्षीय पुत्री शेफाली साहू के साथ अलग-अलग साइकिल से रोजाना की तरह सुबह टहलने निकली थीं। वाजिदपुर तिराहा पर तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। ईशा की मौके पर ही मौत हो गई। घायल शेफाली उछलकर बोलेरो की छत पर जा गिरी। चालक बोलेरो लेकर भागने लगा। सद्भावना पुल पहुंच मार्ग पर जब किसी ने शोर मचाया तो वह बालिका को वहीं उतारकर भाग गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। टीडी कालेज पुलिस चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि बोलेरो व चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।