ब्राह्मण समाज से माफी मांगें अखिलेश यादव: मायावती
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मांग की है कि सपा प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर वह ब्राह्मण समाज से सार्वजनिक रुप से माफी मांगें।मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि सपा के एक प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी से व्यापक आक्रोश व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है और सपा नेतृत्व की चुप्पी मामले को और गंभीर बना रही है।उन्होंने कहा कि सपा प्रवक्ता के गैर-जिम्मेदाराना बयान से ब्राह्मण समाज के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंची है। ऐसे में सपा मुखिया को तत्काल संज्ञान लेते हुए ब्राह्मण समाज से क्षमा याचना करनी चाहिए।बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति संकीर्ण जातिवाद पर आधारित है।

दलितों,अति पिछड़ों,मुस्लिमों की तरह ब्राह्मण समाज के प्रति भी उसका रवैया नकारात्मक है।साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के रवैये को लेकर भी ब्राह्मण समाज में नाराजगी देखी जा रही है। मायावती ने दावा किया कि बहुजन समाज पार्टी ने हमेशा सर्वसमाज को सम्मान और उचित भागीदारी दी है।उन्होंने कहा कि बसपा“यूज एंड थ्रो”की नीति में विश्वास नहीं करती और पार्टी में सर्वसमाज का हित सुरक्षित रहा है।

















