भाजपा नेता के होटल पर फायरिंग में शामिल पुलिस कांस्टेबल सहित चार गिरफ्तार
मजफ्फरनगर।
तहलका 24×7
वरिष्ठ भाजपा नेता नितीश मलिक के होटल पर फायरिंग के मामले में नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पुलिस के एक सिपाही समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने शराब के नशे में गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचा, एक स्कॉर्पियो कार बरामद किया। आरोपी सिपाही की लखनऊ में तैनाती है।
बीते शुक्रवार की रात हाइवे पर स्थित भाजपा नेता नीतीश मलिक के होटल पर स्कार्पियों कार सवार युवक खाना खाने के लिए आए थे। किसी बात को लेकर विवाद होने पर कार सवार लोगों ने होटल कर्मचारियों से गाली गलौज कर अंधाधुंध हवाई फायरिंग की। आरोप है कि हमलावरों ने होटल मालिक को सिर में गोली मारने की धमकी देते हुए दस लाख की रंगदारी मांगी थी। पुलिस के सिपाही निशांत बालियान, शिवम बालियान व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
सीओ मंडी रुपाली राय ने बताया कि पुलिस ने कूकडी रोड पर यूपी पुलिस के सिपाही निशांत बालियान व विक्रांत बालियान निवासी गांधी कॉलोनी, शिवम बालियान निवासी अंकित विहार और अश्वनी निवासी नॉर्थ सिविल लाइन मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सिपाही निशांत बालियान वर्तमान में लखनऊ में तैनात है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से दो तमंचे, कारतूस व वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो कार बरामद की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया।


















