महाराष्ट्र पुलिस की छापेमारी से सर्राफा बाजार में हड़कंप,ज्वेलर्स संचालक हिरासत में
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
गौराबादशाहपुर कस्बे के सर्राफा बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने स्थानीय प्रतिष्ठान सुजीत ज्वेलर्स पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान संचालक को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

छापेमारी की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ दुकान के बाहर जुट गई। हालांकि महाराष्ट्र पुलिस ने अभी तक कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।प्रतिष्ठान पर हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरु हो गया।लोग छापेमारी के पीछे की वजह को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।वहीं स्थानीय पुलिस भी मामले पर नजर बनाए हुए है।

सूत्रों के अनुसार,महाराष्ट्र पुलिस दुकान संचालक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।फिलहाल मामले की विस्तृत जानकारी और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।पुलिस की ओर से कोई बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


















