मुंबई लोकल में मामूली विवाद बना जानलेवा,युवक की चाकू मारकर हत्या
# बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाजा खुला रखने को लेकर हुई बहस, हत्यारोपी फरार
मुंबई।
तहलका 24×7
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास कोच में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रुप ले लिया।बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाजा खुला रखने या बंद करने को लेकर हुई कहासुनी में एक 22 वर्षीय युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई।घटना के बाद आरोपी चलती ट्रेन से उतरकर फरार हो गया,जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

मयंक लोहार चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सफर कर रहा था।उसी दौरान अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच एक सह-यात्री से दरवाजा खुला रखने को लेकर बहस शुरु हो गई।एक यात्री बारिश के बावजूद दरवाजा खुला रखना चाहता था,जबकि दूसरा इसके विरोध में था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकाल लिया और मयंक के पेट में वार कर दिया।

गंभीर रुप से घायल मयंक को तत्काल रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक,वारदात के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पहुंचने से पहले ही ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई,रेलवे प्रशासन ने कोच और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जांच एजेंसियों को उपलब्ध करा दिए हैं।

अधिकारियों ने देर रात बोरीवली स्टेशन पहुंचकर घटना की जानकारी ली।पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।मामले की जांच जीआरपी कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर एक मामूली विवाद इतनी बड़ी हिंसक घटना में कैसे बदल गया।


















