मुठभेड़ में गौ-तस्कर अजय गुप्ता व साथी  गिरफ्तार

मुठभेड़ में गौ-तस्कर अजय गुप्ता व साथी  गिरफ्तार

# तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, पिकअप टाटा योद्धा व पल्सर बाइक बरामद

पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
               फूलपुर पुलिस ने सोमवार की अलसुबह असलहे के साथ गौ तस्कर को हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए पीएचसी पिंडरा में भर्ती कराया गया।एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया कि फूलपुर पुलिस द्वारा कावड़ यात्रा व श्रावण मेला को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत थाना क्षेत्र में गश्त पर इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की पल्सर बाइक से कैथोली मोड़ के पास घूम रहे हैं और उनके पास अवैध असलहा है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कैथोली मोड़ पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिन्हें मुखबिर ने पहचानते हुए संकेत किया। पुलिस को देखकर दोनों हाईवे के रास्ते जौनपुर की ओर भागने लगे।पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा किया। नथईपुर चौराहे के पास चेकिंग के दौरान दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से गिर पड़े। इस पर एक ने पुलिस को ललकारते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल की पहचान अजय गुप्ता पुत्र बाबूलाल गुप्ता निवासी मैनपुर, थाना बबूरी, जनपद चंदौली के रुप में हुई।
उसे तत्काल उपचार हेतु पीएचसी पिंडरा भेजा गया। साथी शिवपूजन गुप्ता पुत्र राजेन्द्र गुप्ता निवासी डमरीकला थाना बबूरी, जनपद चंदौली को गिरफ्तार किया गया।दोनों अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा 12 बोर, एक  खोखा कारतूस, तस्करी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक पिकअप वाहन टाटा योद्धा संख्या UP36 T 2930, पल्सर मोटरसाइकिल को बरामद करने का दावा किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त अजय गुप्ता ने बताया कि मोटरसाइकिल उसके दोस्त सोनू की है, जिसे वह चलाने के लिए लाया था।
कड़ाई से पूछताछ पर उसने बताया कि गोविन्द सिंह, निवासी दरौली दुर्गावती थाना कैमूर जिला भभुआ बिहार ने उसे फोन कर सूचना दी थी कि उसकी पिकअप वाहन, जो गौ-तस्करी में प्रयुक्त होती है, कुआर बाजार में छिपाकर खड़ी है। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन भेजकर रामनगर टेंगरा मोड़ ले जाकर खड़ा करने का निर्देश दिया।
अजय गुप्ता ने साथी शिवपूजन गुप्ता को साथ लिया और मौके पर पहुंचकर वाहन ले जाने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस की घेराबंदी होती देख अजय गुप्ता ने शिवपूजन के ललकारने पर फायरिंग की। शिवपूजन गुप्ता से पूछताछ में उसने अजय के कहने पर उसके साथ आने की बात स्वीकार की। दोनों अभियुक्त गौ-तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार अजय गुप्ता के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान न्यायालय भेजा गया।
Previous articleपारिवारिक कलह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य के बेटे ने खुद को मारी गोली, मौत
Next articleरेबीज : जानलेवा लेकिन पूरी तरह रोकी जा सकने वाली बीमारी
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?