मुठभेड़ में बीडीसी को पुलिस की गोली लगने से हतप्रभ हैं ग्रामीण
# आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ दिखा पैर में मारी है गोली
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
पटैला गांव में रविवार की सुबह बीडीसी सदस्य व हार्डवेयर की दुकान संचालक मो. परवेज को आजमगढ़ जिले में पुलिस द्वारा मुठभेड़ दिखाकर पैर में गोली मारे जाने की खबर से जहां परिवार में कोहराम मचा है, वहीं घटना से ग्रामीण हतप्रभ हैं। आरोप है कि पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर निरापराध परवेज को निशाना बना दिया। दावा है कि वह किसी भी थाने में एक भी मुकदमे में वांछित नहीं है। बावजूद इसके आजमगढ़ पुलिस उसे फर्जी तरीके से फंसा रही है।

गांव निवासी परवेज वार्ड नंबर 29 से क्षेत्र पंचायत सदस्य है। वह पटैला बाजार में हार्डवेयर की दुकान खोल रखा है। जिसका संचालन वह और उसका छोटा भाई अबरार अहमद मिलकर करते हैं। पिता मुनीर ने बताया कि शनिवार को किसी काम से बेटा आजमगढ़ गया था। भोर में सूचना मिली कि वहां की पुलिस ने मुठभेड़ का दावा करते हुए उसे गोली मार दी है। घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय लाया गया है। आरोप है कि उसे देखने के लिए छोटा बेटा अबरार गया तो पुलिस उसका मोबाइल छीनकर उसे भी हिरासत में ले ली।

पत्नी शबनम का दावा है कि पति इमानदारी से रहकर बच्चों की पढ़ाई के साथ गांव में लोगों का सहयोग करते हैं। उनके खिलाफ कहीं कोई मुकदमा न तो था और न है। पुलिस फर्जी तरीके से गोतस्कर बताकर गोली मारी है।थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि मो. परवेज के खिलाफ खुटहन थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। फिलहाल आजमगढ़ पुलिस ने किस आधार पर पर के साथ मुठभेड़ की, इसे न तो जिम्मेदार परिजनों से बता रहे और न ही स्थानीय पुलिस से।








