यूपी बोर्ड का बड़ा एक्शन: जौनपुर के 10 विद्यालय समेत 70 जिलों के 465 विद्यालयों की मान्यता समाप्त
# दो वर्षों तक कक्षाएं संचालित न करने और बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थी न भेजने पर कार्रवाई
प्रयागराज/जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 70 जिलों के 465 वित्तविहीन विद्यालयों की मान्यता समाप्त कर दी है।इनमें जौनपुर जिले के 10 विद्यालय भी शामिल हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि लगातार दो वर्षों तक कक्षाओं का संचालन न करने अथवा वर्ष 2025-26 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं में कोई परीक्षार्थी शामिल न कराने वाले विद्यालयों की मान्यता माध्यमिक शिक्षा अधिनियम के तहत स्वतः समाप्त मानी गई है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि ऐसे विद्यालयों की सूची सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेज दी गई है।साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि छात्र एवं अभिभावक अमान्य विद्यालयों में प्रवेश लेने से बच सकें।प्रदेशभर में सबसे अधिक 47 विद्यालयों की मान्यता गाजीपुर जिले में समाप्त की गई है,जबकि प्रयागराज में 25,कानपुर नगर में 19,एटा में 18 और आजमगढ़ में 16 विद्यालयों पर कार्रवाई हुई है।

जौनपुर के 10 विद्यालयों में बीएसएम पीडी इंटर कॉलेज शाहगंज,विर्जा इंटर कॉलेज वाजिदपुर,छिट्टन राम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमालपुर,गीता ज्ञान मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरादगंज,इंटेलेक्चुअल हाई स्कूल जौनपुर,रायभय आरएसबी हाई स्कूल जौनपुर,श्री उमा शंकर हाई स्कूल सोहंसा,राजपति विश्वकर्मा हाई स्कूल बदलापुर,राजाराम यादव इंटर कॉलेज जौनपुर, गुलाब पट्टी देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय जौनपुर हैं।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार मान्यता समाप्त होने के बाद ये विद्यालय यूपी बोर्ड से संबद्ध संस्थान नहीं माने जाएंगे।ऐसे विद्यालयों में नए प्रवेश या बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित कोई भी कार्य मान्य नहीं होगा।बोर्ड ने अभिभावकों से विद्यालय में प्रवेश दिलाने से पहले उसकी मान्यता की स्थिति की जांच करने की अपील की है।


















