यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 घोषित: छात्राओं का दबदबा, रिकॉर्ड समय में जारी हुआ परिणाम
प्रयागराज।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम गुरुवार शाम 4 बजे घोषित कर दिया और 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार खत्म हो गया।
इस बार यूपी बोर्ड ने रिकॉर्ड बनाते हुए मात्र 20 दिनों में मूल्यांकन पूरा कर रिजल्ट जारी किया।

पिछले वर्ष जहां 25 अप्रैल को परिणाम घोषित हुआ था,वहीं इस बार 2 दिन पहले ही रिजल्ट जारी कर दिया गया।बोर्ड के अनुसार परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई थी।
हाईस्कूल में कुल 90.42 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए, जिसमें बालकों का पास प्रतिशत 87.30 प्रतिशत और बालिकाओं का 93.76 प्रतिशत रहा।

वहीं इंटरमीडिएट में 80.38 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए, जिसमें बालकों का 75.04 फीसदी और बालिकाओं का 86.32 फीसदी रहा।हाईस्कूल टॉपर्स में प्रथम स्थान पर कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रुप से बाजी मारी।द्वितीय स्थान पर अदिति (97.50%) रहीं,जबकि तृतीय स्थान पर अर्पिता,ऋषभ साहू और परी वर्मा (97.33%) रहे।

इंटरमीडिएट टॉपर्स में शिखा वर्मा ने 97.60% अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया।द्वितीय स्थान पर नंदिनी गुप्ता और श्रिया वर्मा (97.20%) रहीं।तृतीय स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल ने 97% अंक प्राप्त किए।इस वर्ष भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों परीक्षाओं में अपना दबदबा कायम रखा है।

















