रामलला के गर्भगृह में लगेगा एसी, भीषण गर्मी से राहत की तैयारी शुरु

रामलला के गर्भगृह में लगेगा एसी,भीषण गर्मी से राहत की तैयारी शुरु

अयोध्या। 
तहलका 24×7 
               श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में विराजमान रामलला को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए एयर कंडीशनर लगाने की तैयारी शुरु हो गई है। मंदिर का निर्माण कर रही Larsen & Toubro (एलएंडटी) के इंजीनियरों ने गर्भगृह का तकनीकी सर्वे कर एसी स्थापना की संभावनाओं का आकलन किया है।वर्तमान में गर्भगृह पूरी तरह पत्थरों से निर्मित है और यहां एसी की कोई व्यवस्था नहीं है।
गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान का असर न केवल रामलला के विग्रह पर,बल्कि नियमित पूजा-अर्चना करने वाले पुजारियों पर भी पड़ता है।फिलहाल अस्थायी राहत के लिए गर्भगृह में कूलर लगाया गया है,लेकिन अब स्थायी समाधान के रुप में एसी लगाने की योजना पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।जानकारी के अनुसार इंजीनियर ऐसी तकनीक विकसित करने पर विचार कर रहे हैं,जिससे एसी लगाने के दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन और दैनिक पूजा-पद्धति प्रभावित न हो।
पूरी व्यवस्था इस तरह तैयार की जाएगी कि एसी के उपकरण कम से कम दिखाई दें और उनकी कार्यक्षमता भी प्रभावी बनी रहे।सबसे बड़ी चुनौती गर्भगृह की पत्थर से बनी संरचना है।इंजीनियरों को मंदिर की मूल वास्तुकला,शिल्पकला और सौंदर्य को बिना किसी नुकसान पहुंचाए शीतलन प्रणाली विकसित करनी होगी।
इसके लिए एसी की पाइपलाइन,डक्टिंग और विद्युत व्यवस्था भी विशेष तकनीक से तैयार की जाएगी ताकि मंदिर की संरचना पूरी तरह सुरक्षित रहे।विशेषज्ञ तापमान नियंत्रण के साथ गर्भगृह में नमी का संतुलन बनाए रखने पर भी काम कर रहे हैं,जिससे पत्थरों,धातु के अलंकरणों और रामलला के विग्रह पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।योजना को अंतिम रुप मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से एसी स्थापना का कार्य शुरु किया जाएगा।
Previous articleशराब के लिए पैसे न मिलने पर मां की हत्या के अपराध में बेटे को 10 साल का कठोर कारावास
Next articleबुढ़वा बाबा तालाब की जहरीली दुर्गंध से बिगड़ी पुजारी समेत दो की तबीयत
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?