लखनऊ गैंगरेप कांड में जौनपुर कनेक्शन, जलालपुर का युवक मुख्य आरोपी

लखनऊ गैंगरेप कांड में जौनपुर कनेक्शन,जलालपुर का युवक मुख्य आरोपी

# चारबाग स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर युवती को बनाया बंधक, तीन दिन तक होता रहा सामूहिक दुष्कर्म

लखनऊ/जौनपुर।
विजय आनंद/गुलाम साबिर 
तहलका 24×7 
             दिल्ली में UPSC की तैयारी कर रही जौनपुर की युवती के साथ लखनऊ में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पीड़िता के बयान पर दिल्ली के आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई,जिसे बाद में लखनऊ पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया।मामले में जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र निवासी शिवम यादव को मुख्य आरोपी नामजद किया गया है।
पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।पीड़िता के अनुसार वह 15 मई को जौनपुर से सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली लौट रही थी।उसके पिता ने उसे जाफराबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बैठाया था।सफर के दौरान उसने अपने परिचित शिवम यादव को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा।बताया जा रहा है कि करीब चार-पांच वर्षों से दोनों एक-दूसरे को जानते थे।आरोप है कि शिवम यादव अपने साथी शनि यादव के साथ लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचा और युवती को बातों में लेकर ट्रेन से उतार लिया।
इसके बाद उसे सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मेदांता अस्पताल के पास एक कमरे में ले गया।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कमरे पर उसे कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया,जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की जानकारी हुई।आरोप है कि अगले दिन शिवम का साथी शनि यादव भी कमरे पर पहुंचा और उसने भी युवती के साथ जबरदस्ती की।17 मई को एक अन्य युवक के आने के बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि उसे कमरे में बंद कर रखा जाता था और आरोपी बाहर जाते समय दरवाजे पर ताला लगा देते थे ताकि वह कहीं भाग न सके।तीन दिन तक कथित तौर पर शोषण करने के बाद आरोपी उसे दोबारा सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाकर दिल्ली भेज दिए।
दिल्ली पहुंचने के दौरान युवती ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।परिजनों ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी,जिसके बाद जीआरपी सक्रिय हुई और युवती से संपर्क किया गया।
बाद में आनंद विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।एडीसीपी साउथ लखनऊ के अनुसार, दिल्ली में दर्ज मुकदमे को लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़िता और मुख्य आरोपी एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे तथा दोनों परिवारों के बीच रिश्तेदारी भी है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Previous articleट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की दर्दनाक मौत
Next articleबसपा की अहम बैठक संपन्न, संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारी पर जोर
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?