वाराणसी : पेट्रोल पंप कर्मियों की दिलेरी से पंप मालिक का अपहरण हुआ असफल
# अपने को चारों तरफ से घिरता देख बदमाश हुए फरार
वाराणसी। मनीष वर्मा तहलका 24×7 शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना स्थित कलकत्ता पेट्रोल पम्प के संचालक विवेकानन्द सिंह पुत्र स्व. प्रताप नारायण सिंह निवासी शिवपुर वाराणसी अपने पेट्रोल पम्प पर देर रात्रि मौजूद थे कि एकाएक चार अज्ञात बदमाश काले रंग की फार्च्यूनर गाड़ी वाहन संख्या UP65 EA 9009 से आये और बदमाशों ने कलकत्ता पेट्रोल पंप के मालिक विवेकानन्द सिंह को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगे। शोरगुल होने पर पंप एवं होटल के कर्मचारियों ने सक्रियता दिखाते हुए बदमाशों की तरफ एकाएक दौड़ लगा दी। चारों अपराधी अपने आपको घिरता देख मौके से भाग गये।
घटना की सूचना कलकत्ता पेट्रोल पंप के मालिक ने डायल 112 को दिया, मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक शिवपुर सतीश यादव ने घटना का जायजा लिया। मामले में पीड़ित पक्ष ने उक्त वाहन और चारो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस घटना का सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की गिरफ्तारी करने में जुट गई है।
बताते चले कि विवेकानन्द सिंह शिवपुर के तरना स्थित बीएचएल के समीप कई वर्षों से कलकत्ता सर्विस फ्यूल सर्विस स्टेशन पेट्रोल पंप चलाते है और अभी कुछ सालों से वहीं बगल में होटल रेस्टोरेंट का भी संचालन करते है तथा वाराणसी जनपद में दर्जनों पेट्रोल पम्पों के मालिक हैं। घटना को गम्भीरता से लेते हुए विवेकानंद सिंह ने शिवपुर पुलिस से अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है। इस दुस्साहसी घटना से पेट्रोल पंप मालिक समेत परिजनों में भय व्याप्त है।