विपक्षियों की संवेदनाएं आतंकवादी और पेशेवर अपराधियों के साथ- योगी
# यूपी में विकास और बुलडोजर की कार्रवाई हुई एक साथ शुरू- योगी
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
भारतीय जनता पार्टी द्वारा 7 मार्च को होने वाले मतदान को लेकर गुरुवार को नगर के टीडी कालेज के उमानाथ सिंह स्टेडियम में चुनावी जनसभा आयोजित किया गया। जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की संवेदना किसानों, नौजवानों और महिलाओं के साथ नहीं है। उनकी संवेदनाएं आतंकवादी और पेशेवर अपराधियों के साथ है। इन लोगों की संवेदना भ्रष्टाचारियों के साथ है। ऐसे लोग जो विकास में बाधा डालते थे। यूपी में विकास और बुलडोजर की कार्रवाई एक साथ शुरू हुई है।

योगी ने कहा कि इत्र और इमरती के लिए जौनपुर प्रसिद्ध है। देश भर में इत्र और इमरती की खुशबू पहुंचे, इसलिए इसे देशभर में पहचान देने का काम किया गया है। आजादी के बाद से यूपी के अंदर लोग अपने आप को उपेक्षित महसूस करते थे।पहली बार 2014 में पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार गठित होने के बाद भारत सरकार ने क्षेत्रों का समग्र विकास करना प्रारंभ किया है। उन्होंने इस बात के लिए जौनपुर वालों का हृदय की गहराइयों से धन्यवाद किया।
जौनपुर का भी अपना मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी कर पीएम मोदी ने अपने कर कमलों से इसे प्रारंभ किया। अब यहां प्रवेश भी शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी की कानून व्यवस्था के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मंत्री स्व उमानाथ सिंह को अपना बलिदान देना पड़ा था। उमानाथ सिंह उत्तर प्रदेश की अराजकता और दुर्व्यवस्था को लेकर बलिदान हो गए।सीएम योगी ने जनता से पूछा कि क्या 2017 से पहले बिजली मिलती थी? भाजपा की सरकार में 24 घंटे बिजली मिलती है।


















