वैवाहिक कार्यक्रम में चली गोली, अधेड़ गंभीर रुप से घायल
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया।घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है,जिसमें एक अधेड़ गंभीर रुप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी बांकेलाल गुप्ता के घर मंगलवार को बारात आनी थी।सोमवार को मेहंदी की रस्म चल रही थी,जिसमें परिवार और रिश्तेदार शामिल थे।इसी दौरान गांव का ही व्यक्ति तमंचा लेकर मौके पर पहुंचा और बांकेलाल के चाचा प्रेम साव (60) पर निशाना साधकर गोली चला दी।गोली प्रेम साव के गर्दन में लगी और आर-पार हो गई,जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई,खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।

परिजनों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।सूचना मिलते ही जफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर की।आरोपी की तलाश की जा रही है। स्थानीय स्तर पर लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है।हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

















