शादी करने पर गोली मारने की धमकी,युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शाहगंज, जौनपुर।
अखलाक खान
तहलका 24×7
सरपतहां थाना क्षेत्र के जमदरा गांव निवासी एक व्यक्ति ने युवक पर उनकी भतीजी की शादी तुड़वाने और दूसरी जगह तय हुए विवाह में दूल्हे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।गांव निवासी अमरजीत बिंद के अनुसार उनकी भतीजी का विवाह 8 मई 2026 को तय था।

विवाह की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और परिवार की ओर से काफी खर्च भी किया जा चुका था।आरोप है कि शादी से करीब छह दिन पूर्व सचिन चौहान पुत्र सुजान चौहान निवासी अंबारी,जनपद आजमगढ़ के हस्तक्षेप के चलते यह विवाह टूट गया।पीड़ित का कहना है कि इसके बाद परिवार ने भतीजी का विवाह खेतासराय क्षेत्र में दूसरी जगह तय किया।आरोप है कि शादी से दो दिन पहले सचिन चौहान दूल्हे के घर पहुंच गया और विवाह करने पर गोली मारने की धमकी दी।

इस दौरान गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना से संबंधित वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है, जिसे साक्ष्य के रुप में पुलिस को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















