शादी के 10वें दिन भाजपा नेता ने किया सुसाइड
# सोशल मीडिया पर लिखा- बाबू तुम्हारा नहीं तो किसी और का भी नहीं
बाराबंकी।
तहलका 24×7
शादी के 10वें दिन भाजपा नेता ने सुसाइड कर लिया। मौत से पहले युवक ने फेसबुक पर गर्लफ्रेंड के साथ वीडियो पोस्ट कर लिखा, बाबू तुम्हारा नहीं तो किसी और का भी नहीं। उसने यह भी लिखा कि तुमने कहा था न कि आपने हमें धोखा दिया, तुम नहीं मिली तो जान दे दिए। अगले जन्म में जरूर मिलेंगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मामला प्रेम संबंध से जुड़ा है। मृतक के चाचा ने एक गांव के प्रधान और उसकी पत्नी पर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। रामसनेही घाट थाना क्षेत्र के उमयपुर तालुका के रहने वाले सत्यम मिश्रा भारतीय जनता पार्टी में युवा मोर्चा का मंडल मंत्री था। सत्यम की शादी बीती 14 मई को हुई थी। सत्यम के चाचा अमित मिश्रा ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि रात 12 बजे खाना खाने के बाद सत्यम शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था।

काफी देर तक नहीं लौटा तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। सुबह करीब 4:30 बजे घर से महज 200 मीटर की दूरी पर जानवरों को बांधने की जगह पर शव मिला। चाचा अमित ने बताया कि सत्यम का एक ग्राम प्रधान की बेटी से तीन साल से अफेयर था। कुछ दिन पहले दोनों के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हुए थे, जिससे ग्राम प्रधान के घर से रंजिश चल रही थी।

शनिवार की रात करीब 10 बजे प्रधान की पत्नी हमारे घर पर आई थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर हंगामा किया था। उन्होंने सत्यम को जान से मरवाने की धमकी भी दी थी। चाचा का आरोप है कि ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी ने मेरे भतीजे को मारकर लटका दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक सत्यम पिछले करीब 8 सालों से बीजेपी से जुड़ा था। उसके रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा से करीबी संबंध थे। दोनों की साथ में कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।

सीओ रामसनेही घाट जटाशंकर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। मृतक के चाचा की तरफ से तहरीर मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।