संदिग्ध हालत में तालाब किनारे मिला बुजुर्ग का शव
# पुलिस को बगैर सूचना दिए परिजनों ने किया अंतिम संस्कार
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
बुधवार की सुबह 70 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव खेतासराय-जौनपुर मार्ग स्थित मनेछा गांव में मनाग ताल के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।वे मंगलवार सुबह से घर लापता थे और देर शाम वापस नहीं लौटे तो परिजन तलाश में लगे थे।खोजबीन करते हुए ताल पर पहुंचे तो शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।क्षेत्र के शाहापुर निवासी छबीले बिन्द (70) मंगलवार को नित्य की भांति कमल का फूल निकालने गए।

देर शाम तक वह घर नहीं लौटे तो परिजन खोजबीन चालू कर दिए।लेकिन कहीं भी सुराग नहीं मिल सका। बुधवार की सुबह परिजन पुनः ताल की तरफ तलाश करने पहुंचे तो किनारे पर बुजुर्ग का शव देख दंग रह गए। घटना की खबर लगते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिए।मृतक छबीले बीते कई वर्षों से कमल का फूल व बेल-पत्र तोड़कर उसे बनारस ले जाकर बेचते थे।

यही उनका जीवन यापन का एकमात्र साधन था। उम्र के इस पड़ाव पर भी वे अपने परिवार की जिम्मेदारी को निभा रहे थे। परिवार बेहद गरीब और आर्थिक कठिनाईयों जूझ रहा है। किसी तरह से वह अपने परिवार का पेट पाल रहे थे। मृतक की पत्नी का निधन 25 वर्ष पूर्व सर्पदंश से हो गया था।अकेले ही अपने इकलौते पुत्र सूरज बिन्द की परवरिश की। सूरज मुम्बई में मजदूरी कर परिवार का सहारा बना है।








