सर्वोदय इण्टर कॉलेज में संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
सर्वोदय इण्टर कॉलेज खुदौली में बुधवार को संविधान दिवस मनाया गया। जिसमें वक्ताओं ने संविधान के बारे में छात्रों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में अनिल कुमार यादव ने बताया कि भारत का संविधान 26 नवम्बर 1949 को तैयार होकर संविधान सभा द्वारा स्वीकार किया गया था, इसी कारण 26 नवम्बर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रुप में मनाया जाता है।

उन्होंने उल्लेख किया कि ऐतिहासिक कारणों से देश का संपूर्ण संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया, जो आगे चलकर गणतंत्र दिवस के रुप में मनाया जाने लगा। उन्होंने छात्रों को बताया कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है, जो देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देता है।प्रधानाचार्य दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि संविधान हमें मूल अधिकारों के साथ मूल कर्तव्यों का भी बोध कराता है।

उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया और सभी छात्र-छात्राओं को राष्ट्र के प्रति निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई। प्रधानाचार्य ने संविधान द्वारा प्रदत्त स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल्यों के पालन की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को संविधान के अनुरुप जीवन जीना चाहिए और समाज में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।








