सर सैयद गर्ल्स कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी की बस ने जगाई वैज्ञानिक सोच
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
सबरहद तालिमाबाद स्थित सर सैयद अहमद गर्ल्स इंटर कॉलेज में आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ की ओर से भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा विज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना रहा।प्रदर्शनी टीम के प्रमुख आशु कुमार विज्ञान संचारक ने सहयोगी सूरज कुमार यादव एवं रमेश कुमार के साथ साइंस मैजिक शो प्रस्तुत किया।

उन्होंने वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से समाज में व्याप्त अंधविश्वासों के पीछे की वास्तविकता को समझाया और छात्राओं को तर्क एवं विज्ञान के आधार पर सोचने के लिए प्रेरित किया।भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल एवं उपकरणों के जरिए छात्राओं को दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग, वैज्ञानिक सिद्धांतों और आधुनिक तकनीकों की सरल एवं रोचक जानकारी दी गई।

छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विज्ञान से जुड़े अनेक प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मो.शाहिद नईम ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने छात्राओं से विज्ञान को जीवन में अपनाने और नई खोजों के प्रति रुचि बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर विज्ञान शिक्षिका ताहिरा जैनब,वंदना प्रजापति,तलत वसीम,प्रतिभा सिंह,बुशरा परवेज, आराधना चौहान,फायेज़ बानो,सबरमती यादव,फिरदौस सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।


















