सांप के डसने से नहीं, बीमा के 20 लाख के लिए रची गई थी हत्या की साजिश, पत्नी और प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

सांप के डसने से नहीं,बीमा के 20 लाख के लिए रची गई थी हत्या की साजिश,पत्नी और प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

मेरठ। 
तहलका 24×7
             उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक की मौत का मामला हत्या की सनसनीखेज साजिश निकला।शुरुआती तौर पर इसे सांप के डसने से हुई मौत माना जा रहा था,लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 20 लाख रुपये की बीमा राशि हड़पने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी,उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बहसूमा क्षेत्र के मूल निवासी अतुल पंवार हस्तिनापुर में कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे।उनकी शादी करीब सात वर्ष पहले दामिनी से प्रेम विवाह के रुप में हुई थी और दोनों का एक छह वर्षीय बेटा है।जांच में सामने आया कि दामिनी के स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से प्रेम संबंध थे।दोनों ने अतुल की हत्या की साजिश रची।योजना के तहत अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां देकर बेहोश किया गया।
इसके बाद दो सपेरों की मदद से जहरीला सांप कमरे में छोड़ दिया गया,जिसने अतुल को डस लिया और उनकी मौत हो गई।पुलिस जांच में यह भी पता चला कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था।आरोपियों ने बीमा की रकम मिलने के बाद साजिश में शामिल अन्य लोगों को पांच लाख रुपये देने का वादा किया था।जांच में यह भी सामने आया कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने कार से टक्कर मारकर अतुल की हत्या का प्रयास किया था,लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि घटना के बाद पत्नी ने सांप के डसने से मौत की जानकारी दी थी,लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध थीं।तकनीकी सर्विलांस,कॉल डिटेल और मोबाइल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ।आरोपियों के मोबाइल से सांप की तस्वीर भी बरामद हुई है,जबकि बरामद सांप को परीक्षण के लिए भेजा गया है।एसएसपी ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।
Previous articleडीएम की अनुमति से स्वीकृत कार्य कराएंगे पंचायत प्रशासक, जल्द जारी होंगे दिशा-निर्देश
Next articleप्राथमिक विद्यालय में बड़ी लापरवाही, मासूम छात्र को स्कूल में बंद कर घर चले गए शिक्षक
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?